एटा। थाना जलेसर में अश्वनी कुमार मित्तल निवासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने अवधेश जैन निवासी आगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि अवधेश ने दुकान का सौदा करने के बाद 10 लाख रुपये ले लिए। दुकान का बैनामा भी नहीं किया और रुपये वापस मांगने पर 2 लाख लौटाते हुए शेष देने से मना कर दिया।
अश्वनी कुमार मित्तल ने बताया कि कस्बा जलेसर में स्थित सरदार क्लॉथ स्टोर पर उसका आना-जाना है। जिसके मालिक हरमीत सिंह निवासी नाला बाजार के यहां अवधेश नाम का व्यक्ति आता-जाता है। एक दिन अवधेश ने बताया कि उसको रुपयों की आवश्यकता है। इसलिए वह मुखर्जी मार्केट सुभाष बाजार में स्थित अपनी रोशनलाल अवधेश कुमार एंड संस के नाम की दुकान बेचना चाहता है। विश्वास करने के बाद मैंने 35 लाख रुपये में दुकान का सौदा किया।
16 जुलाई 2019 और 31 अक्तूबर 2019 को 5-5 लाख रुपये अवधेश के पुत्र अभिषेक जैन के खाते में ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी अवधेश ने दुकानों का बैनामा नहीं किया। जब मैंने उससे पूछा तो 24 जून 2024 को 2 लाख रुपये खाते में भेजे और शेष रुपयों के लिए जलेसर आकर बात करने को कहा। 30 सितंबर 2024 को अवधेश सरदार क्लॉथ स्टोर पर आए। वहां पहुंचकर मैंने जब बाकी रुपये मांगे तो गालियां देते हुए धमकी दी। बताया कि मैंने दुकान दूसरे व्यक्ति को 42 लाख रुपये में बेच दी है और तुम्हारे पैसे नहीं दूंगा। इतना कहने के बाद अवधेश पीटने लगा। सीओ जलेसर कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है।