एटा। विदेशी कंपनी के नाम से एक सहकारी बैंक कर्मी को ठग लिया गया। रकम दोगुनी करने के नाम से उससे 2.30 लाख रुपये जमा कर हड़प लिए गए। अज्ञात लोगों के विरुद्ध साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीपल अड्डा स्थित उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक के कर्मी राजीव मोहन ने बताया कि टेलीग्राम अकाउंट पर हार्वे नार्मल पैकिंग प्लेटफॉर्म कंपनी की ओर से मैसेज आना शुरू हुए। पहले वर्क फ्रॉम होम द्वारा कमाई के अवसर का लालच दिया गया। इसके बाद रकम दोगुनी कराने का झांसा दिया गया। इसकी चाल में फंसकर मैंने 2 लाख 30 हजार 828 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद संबंधित नंबर और अकाउंट बंद हो गए। सीओ सदर अमित कुमार ने बताया कि साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। रुपये वापस कराने और ठगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।