एटा। थाना जैथरा में धीरेंद्र निवासी नगला छोटे ने परौली सुहागपुर निवासी प्रमोद कुमार, विनोद कुमार, रवि पांडे और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि प्रमोद कुमार ने 13 मई 2023 को 40 हजार नकद व 30 हजार रुपये खाते में कुल मिलाकर 70 हजार रुपये उधार लिए।
रवि पांडे ने 15 मई को 30 हजार, विनोद कुमार ने 20 मई को 65 हजार उधार लिए। इस प्रकार तीनों लोगों ने कुल मिलाकर 1.65 लाख रुपये 6 महीने में वापसी की बात कहकर ली। तय समय के बाद जब इन लोगों से रुपये मांगे तो देने से मना कर दिया। 1 अप्रैल 2024 को जब फिर रुपए मांगने गया तो गालियां देते हुए पीटने लगे। किसी तरह बचकर घर पहुंचा तो यह अपने साथ अन्य लोगों को लेकर आए और घर में घुसकर बुरी तरह से पीटा।
मेरी चीख-पुकार सुनकर पत्नी, भाई, बहन और अन्य लोग आए तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। शिकायती पत्र लेकर थाना पहुंचा तो वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद न्यायालय के आदेश से रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू करा दी गई है। संवाद