एटा/अवागढ़। किसानों की समस्याओं को लेकर देशव्यापी आह्वान पर अखिल भारतीय किसान यूनियन (संगठन) के तत्वावधान में किसानों ने अवागढ़ स्थित संगठन के कार्यालय के सामने चक्का जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। वहीं भाकियू राष्ट्रीयतावादी, कांग्रेस कमेटी और ऑल इंडिया किसान यूनियन ने अलग अलग प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
अवागढ़ स्थित संगठन के कार्यालय के सामने किसानों ने चक्का जाम कर दिया। यहां पहुंचे उपजिलाधिकारी जलेसर एसके वर्मा एवं सीओ जलेसर को किसानों ने ज्ञापन सौंपा। इसमें कोल्ड स्टोरेज मालिकों के साथ बैठक कराने, मक्का, धान, बाजरा के किसानों के साथ हो रही लूट रोकने तथा नहर, रजबहा में टेल तक पानी आदि के उचित समाधान का मौके पर आश्वासन दिया गया। प्रदर्शन में अखिल संघर्षी राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुरेंद्र शास्त्री राष्ट्रीय महासचिव, संजीव प्रधान राष्ट्रीय संयोजक, अनुराग सिंह युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, बब्लेश यादव युवा प्रदेश अध्यक्ष, दिनेश चंद्रा युवा राष्ट्रीय महासचिव, नवनीत, आशु, राजेश पहलवान, लव कुश सहित हजारों मौजूद रहे। वहीं पटना पक्षी विहार पर जलेसर एवं सिकंदराराऊ मार्ग को तेज सिंह वर्मा राष्ट्रीय महासचिव, रामकिशन यादव प्रदेश अध्यक्ष, वीरेंद्र वर्मा मंडल प्रभारी, कालीचरण महात्मा, बाबूराम वर्मा, राजेंद्र सिंह, मानपाल वर्मा, नेकराम वर्मा आदि के नेतृत्व में चक्का जाम किया गया।
डॉ. राजपाल वर्मा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एकेश लोधी, योगेश राजपूत, अशोक कुमार, यदुवीर सिंह, प्रवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एटा कानपुर हाईवे पर जाम लगाया। यहां उप जिलाधिकारी सदर अबुल कलाम को ज्ञापन सौंपा गया। वहीं अरविंद शाक्य प्रदेश महासचिव, थान सिंह लोधी मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में रिजोर पर चक्का जाम किया गया। इधर, भाकियू राष्ट्रीयतावादी ने कलक्ट्रेट पर धरना देकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें निराश्रित पशुओं को गोशाला भेजने, चकरोड पर से दंगों के कब्जे हटाने सहित दस मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें ओम प्रकाश, जुगेश सिंह, प्रेमपाल, महेश चंद, रमेश चंद, चंद्रकली, रमागोपाल, रामसेवक ओर शैलेद्र कुमार मौजूद रहे। वहीं ऑल इंडिया किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें प्रेम सिंह वर्मा, सुरेंद्रपाल, कैलाश लोधी और अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।