एटा के थाना मलावन क्षेत्र में स्थित जवाहरपुर तापीय परियोजना स्थल पर शनिवार को काम करते समय एक युवक करंट लगने से झुलस गया। गंभीर हालत में आगरा ले जाया गया, वहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने शव को प्लांट परिसर में रखकर हंगामा करते हुए मुआवजे की मांग की। परिजन के साथ पहुंचे पूर्व विधायक अजय यादव सहित 150 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मलावन थाना प्रभारी रोहित राठी ने रिपोर्ट में लिखाया है कि 17 मई को जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट में काम करते समय नगला भूपाल निवासी पंकज को करंट लग गया। आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना हरी पर्वत कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने पंकज के शव का पोस्टमार्टम कराया। 18 मई को भाई रामकिशन उर्फ रामू, दीपक यादव व अन्य लोग शव को लेकर प्लांट के मेन गेट पर पहुंच गए।
इसी समय पूर्व विधायक अजय यादव निवासी रेवाड़ी थाना सकीट और इसी गांव के राजेश यादव भी मौके पर पहुंच गए। बैरियर को हटाकर जबरन घुसने का प्रयास करते हुए थाना प्रभारी जेपी अशोक व उनके साथ लगे अन्य सिपाहियों को धक्का देकर गिरा दिया और अंदर घुस गए।