एटा। कार से जा रहे सराफ पुत्र को सामने से घेरकर हमला कर दिया। हमलावर भी कार में ही सवार होकर आए थे। युवक के दोस्त को भी पीटा गया। सराफ ने गांव के लोगों के खिलाफ पुत्र पर हमला कर घायल करने की रिपोर्ट लिखाई है। लूट का भी आरोप लगाया है। थाना सकीट क्षेत्र के गांव राधे नगर निवासी रवेंद्र सिंह ने बताया कि पुत्र जितेंद्र अपने दोस्त सुनील निवासी पहाड़पुर थाना कुरावली मैनपुरी कार से एटा जा रहा था। तभी जमीन की रंजिश को लेकर गांव के ही रनधीर, इसके भाई धनवीर, हरेंद्र, सुधीर व इसका भाई सुकेश सहित एक अज्ञात कार से आए। पुत्र की कार को रोक लिया। आरोप है कि सभी ने पुत्र और उसके दोस्त की लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई की। इसकी वजह से बेटा बेहोश होकर गिर गया और दोस्त ने किसी तरह से भाग कर जान बचाई।
कहा कि बेटा भी सराफा का काम करता है। हमलावर कार में रखा बैग लूटकर ले गए है। उस बैग में कितनी नकदी और जेवरात थे, पुत्र के होश में आने के बाद ही पता चल सकेगा। मारपीट के दौरान लाठी-डंडों से कार से शीशे भी तोड़ दिए गए हैं। थानाध्यक्ष अनुज चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर झगड़ा चला आ रहा है। इसी बात को लेकर गांव कलुआ हबीबपुर के पास स्थित जीएसएम डिग्री कॉलेज के पास मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लूट करने के गलत आरोप लगाए हैं।