अवागढ़। विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगला लोधा में 4 महीने पहले प्रधानाध्यापिका को अनुचित लाभ देने के लिए फर्जी तरीके से किए गए निलंबन का मामला महानिदेशक स्कूल शिक्षा तक पहुंच गया है। स्कूल सहायक अध्यापिका द्वारा की गई शिकायत के बाद महानिदेशक ने मामले की जांच शुरू कराई है। उप शिक्षा निदेशक ने शुक्रवार को स्कूल पहुंचकर प्रकरण की जांच की।बताया गया है कि स्कूल की सहायक अध्यापिका आशा चौधरी द्वारा महानिदेशक से शिकायत की गई थी कि 7 नवंबर 2022 को प्रधानाध्यापिका उनके आकस्मिक अवकाश पर होने के दौरान पत्र व्यवहार रजिस्टर पर बिना किसी भौतिक आदेश पत्र के खुद को निलंबित एवं निलंबन अवधि में विकासखंड के दयारामपुर विद्यालय पर अटैचमेंट की सूचना दर्ज कर बिना चार्ज दिए चली गई। खुद को निलंबित बताने वाली प्रधानाध्यापिका ने वित्तीय तथा विद्यालय अभिलेख पूरे नहीं किए। कई दिनों तक विद्यालय की व्यवस्थाएं बाधित रहीं। लगभग 1 महीने बाद 27 सितंबर 2022 को प्रधानाध्यापिका संगीता को अनुपस्थित दर्शाते हुए निलंबन पत्र उपलब्ध कराया गया। इस मामले में प्रधानाध्यापिका को अनुचित लाभ देकर गलत निलंबन को महानिदेशक से शिकायत की गई वही जलेसर विधायक संजीव दिवाकर ने भी मामले की जांच के लिए जिला अधिकारी को पत्र भेजा।
मामले को अब 4 महीने बाद महानिदेशक तथा जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता से लिया गया है तथा संपूर्ण प्रकरण की जांच के लिए उप शिक्षा निदेशक डॉ. जितेन्द्र सिंह को नियुक्त किया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को स्कूल पहुंचे जांच अधिकारी को प्रधानाध्यापिका की उपस्थिति का रिकॉर्ड नहीं मिला। शिक्षकों और बच्चों ने बताया कि उन्होंने मैडम को देखा तक नहीं है। जबकि निलंबन के बावजूद भी प्रधानाध्यापिका को पूरा वेतन दिया जाता रहा। जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी आवागढ़ अनिल कुमार भी साथ रहे।