एटा। अचानक से सामने आई बाइक को बचाने के चक्कर में कार डिवाइडर से टकरा गई। कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे पर हुए इस हादसे में कार सवार दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। इसके अलावा अन्य सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोग घायल हुए हैं।
केशवपुरम दिल्ली निवासी स्मृति ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली से मैनपुरी के गांव सिरसा के लिए निकले थे। पति सुनील कुमार कार चला रहे थे। हमारे साथ में 3 बेटियां भी थीं। देर शाम कार जैसे ही बाईपास पर गांव दूल्हापुर के पास पहुंची सामने गलत दिशा से एक बाइक आ गई। उसको बचाने के चक्कर में कार डिवाइडर से टकरा गई। उनके साथ ही पति सुनील और बेटी अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग आ गए।
सूचना मिलते ही हाईवे की राहत टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां से उपचार के बाद तीनों को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पीपल अड्डा निवासी विमल, अमांपुर निवासी मुकेश, नगला हंसी थाना मलावन निवासी राधे और सोनवती, हाथरस निवासी अजय कुमार, अवागढ़ निवासी सुरजीत, थाना निधौली कलां के रामनगर निवासी हिमांशू और सकीट निवासी आदेश घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।