बिलराम गेट कब्रिस्तान के निकट शुक्रवार को एक कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अलीगढ़ रेफर किया। सूचना मिलने पर मृतक के परिवारीजन सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एएसपी, सीओ, कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
ढोलना के गांव बिलराम निवासी सनिल कुमार (30), कमालपुर निवासी धर्मेंद्र (25) शिक्षक के पद पर ढोलना की छदामी इंटर कॉलेज में तैनात थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से द्रोपदी देवी जाजू इंटर कॉलेज में आयोजित प्रधानाचार्यों की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक में भाग लेकर करीब 12 बजे बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही बिलराम गेट स्थित कब्रिस्तान के निकट पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि चालक धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार हो गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर किया। सूचना पर मृतक के परिवारीजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। इस दौरान करीब आधा घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। सूचना पाकर एएसपी राधे मोहन दीक्षित, सीओ सिटी एके सिंह, सीओ सहावर राजाराम वर्मा, कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर सिंह, ढोलना थानाध्यक्ष पहलवान सिंह पहुंचे। पुलिस के आला अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है।
एक साल पूर्व हुई थी सनिल की शादी
हादसे में मृतक सनिल की शादी एक साल पूर्व हुई थी। सनिल की मौत की सूचना मिलने के साथ ही उसकी पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में बूढ़े पिता और उसके बड़े भाई अनिल हैं।
फोटो कैप्शन- 10 से लेकर 12 तक सभी सड़क दुर्घटना के फोटो हैं।