यूपी प्राइमरी स्कूल (प्रतीकात्मक तस्वीर)।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा में छह से 14 वर्ष के छात्र-छात्राओं का स्कूल में शत-प्रतिशत नामांकन कराने को अभियान चलाया जाएगा। अभिभावकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। साथ ही शिक्षक घर-घर बी जाएंगे। सबसे अधिक नामांकन कराने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
नए शैक्षिक सत्र में बच्चों के नामांकन पर विशेष जोर है। शिक्षा विभाग की ओर से कलैंडर ऑफ एक्टीविटीज के तहत स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। बीएसए संजय सिंह ने बताया अभियान के तहत बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत विद्यालय स्तरीय बच्चों व शिक्षकों द्वारा प्रभात फेरी, एसएमसी बैठक का आयोजन होगा।
शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा
बताया कि एसएमसी सदस्यों द्वारा माता समूह की बैठक की जाएगी। शिक्षकों द्वारा रोस्टरवार गांवों में भ्रमण कर जनसंपर्क, अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में न्याय पंचायतवार नामांकन रथ, नामांकन मेला आदि लगाए जाएंगे। वहीं विकासखंड में सर्वाधिक नवीन प्रवेश वाले विद्यालयों के शिक्षकों का सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
ड्रॉप आउट 4430 बच्चों का मिला था लक्ष्य
शासन से जिले को 4430 ड्रॉप आउट बच्चों का लक्ष्य मिला था। वहीं इन बच्चों को अभियान चलाकर चिह्नित भी किया गया था। अब नवीन शिक्षा सत्र में इन बच्चों पर विभाग द्वारा विशेष फोकस रखने की बात कही गई है।