संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। एक किसान ने एटीएम से चार हजार रुपये न निकलने की शिकायत टोलफ्री नंबर पर दर्ज कराई। इसके बाद साइबर ठगों ने उसके मोबाइल में एक एप डाउनलोड कराकर 1.40 लाख रुपये निकाल लिए।
सरवन सिंह निवासी नगरिया थाना नयागांव ने अलीगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि अलीगंज की यूको बैंक शाखा में उसका खाता है। जिससे उसे डेविट कार्ड मिला हुआ है। 29 जून को वह कस्बे के सेंट्रल बैंक के एटीएम से चार हजार रुपये निकालने गए। निकालते समय अचानक बिजली गुल हो गई और रुपये फंस गए। जबकि खाते से रुपये कटने का मैसेज आ गया। इस पर उसने बैंक के हेल्पलाइन टोलफ्री नंबर पर कॉल की। बताया गया कि 48 घंटे के अंदर रुपये खाते में वापस आ जाएंगे। 3 जुलाई को एक फोन आया इसमें रुपये काटने के बारे में जानकारी करते हुए यूको बैंक का एप एम मार्केर्टिंग प्लस का लिंक व्हाट्सएप पर भेजा और इसे डाउनलोड करा दिया। एप इंस्टॉल होते ही खाते से 140400 रुपये कट गए। सरवन ने बताया कि ठगों ने खाते में केवल एक रुपया छोड़ा।
इसके बाद वह शिकायत करने बैंक शाखा पहुंचा। जहां शाखा प्रबंधक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। थाने गया तो पुलिस ने जांच की बात कहकर टाल दिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। तब कहीं जाकर रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच साइबर सैल के सहयोग से की जा रही है।