रोडवेज स्टैंड पर शुक्रवार को दिल्ली जाने के लिए खड़ी बसें। संवाद
एटा। अलीगढ़ जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका कारण है कि अधिकांश बसें बाईपास से होकर गुजरती हैं। स्टैंड से सवारी जैसे ही बस में बैठने के लिए चढ़ती है, परिचालक उनसे बस के बाईपास होकर जाने की बात कहकर उन्हें छोड़ जाते हैं। करने लगते हैं। ऐसे में उन्हें दूसरे वाहन की तलाश बेवजह समय बर्बाद करना पड़ता है। काफी संख्या में जिले के लोग अलीगढ़ में काम करते हैं और प्रतिदिन आवागमन करते हैं। रेल यातायात की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग रोडवेज बस के भरोसे रहते हैं। जिला मुख्यालय से दिल्ली-एनसीआर को जाने वाली अधिकांश बसें अलीगढ़ होकर जाती हैं लेकिन चालक-परिचालक स्थानीय यात्रियों को नहीं ले जाते। बाईपास होकर गुजरने की कहकर यात्रियों को बस में बैठने नहीं देते। नतीजा उन्हें एक-दो घंटे अधिक समय अन्य किसी वाहन के इंतजार में बर्बाद करना पड़ता है। छछैना के अमन कुमार का कहना है कि अलीगढ़ जाने के लिए शुक्रवार को जब स्टैंड पहुंचा तो पता चला कि अधिकांश बसें बाईपास होकर गुजरती हैं। इसके कारण लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उसके बाद अलीगढ़ की बस आई, तब कहीं जाकर बैठ सके। विजय नगर के मनोज कुमार का कहना है कि परिवहन विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। शुक्रवार को अलीगढ़ जाने के लिए एक बस में चढ़ा तो परिचालक ने कहा कि बाईपास होकर जाएंगे। बाहर उतरोगे तो चलो नहीं तो दूसरी बस देख लो। इस संबंध में एआरएम नरेश कुमार गुप्ता का कहना है कि एटा डिपो की बसें तो अलीगढ़ शहर में होकर ही गुजरती हैं। बाहरी डिपो की बसों के चालक बाईपास से निकाल ले जाते होंगे। डिपो की कोई बस अगर बाईपास होकर निकल रही है तो दिखवाया जाएगा।