क ासगंज-सिंकदराराऊ मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों को रोडवेज बस चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे ग्रामीण भड़क गए और रोड पर जाम लगाकर बस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। दोनों युवक आगरा के लोहामंडी क्षेत्र के बताए गए हैं।
आगरा के लोहामंडी निवासी योगेश और रवि बाइक से मोहनपुरा अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वह मोहनपुरा के नजदीक पहुंचे, पीछे से आ रही पीलीभीत डिपो की बस चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर से गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी युवकों के रिश्तेदारों व अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। युवकों के शव देखकर लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग को जाम कर दिया। बस में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों कां शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग शांत नहीं हुए। कोतवाली प्रभारी ने मामले की जानकारी सीओ शबीह हैदर को दी। उन्होंने भारी तादात में फोर्स को भेजा। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी परिवारीजनों को भी दी गइ है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी।