एटा। जिले में परिषदीय विद्यालयों में नए छात्रों के नामांकन की धीमी रफ्तार पर बीएसए सख्त हो चुके है। उन्होंने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को नोटिस जारी किया है, जहां नवीन नामांकन की संख्या महज एक से 10 तक दर्ज की गई है। संबंधित बीईओ से जवाब तलब करते हुए नामांकन बढ़ाने के लिए तत्काल निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए अनुपम अवस्थी ने बताया कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है। इसके लिए स्कूल चलो अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विद्यालयों में नए प्रवेश अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सके हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित समीक्षा करने और कम नामांकन वाले विद्यालयों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि 870 परिषदीय विद्यालयों में नवीन नामांकन की सख्या 10 से अधिक नहीं हो सकी। इस पर बीईओ को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने सितंबर माह तक 6072 बच्चों के नामांकन करने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी बच्चों को शत प्रतिशत नामांकन प्रेरणा पोर्टल एवं यूडायस पोर्टल पर फीड किया जाए।
बीएसए अनुपम अवस्थी ने बताया कि जिले में 1691 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इसमें निधौली कलां ब्लॉक के 3 विद्यालयों में एक भी बच्चे का नामांकन नहीं किया गया। वहीं 45 विद्यालय ऐसे मिले जिसमें सिर्फ एक ही बच्चे का नामांकन किया गया। 84 विद्यालयों में दो, 82 विद्यालयों में तीन, 108 विद्यालयों में 4, 128 विद्यालयों में 5, 93 विद्यालयों में 6, 96 विद्यालयों में 7, 89 विद्यालयों में 8, 76 विद्यालयों में 9 और 70 विद्यालयों में 10 बच्चों के ही नामांकन हुए हैं।