एटा। त्योहार पर बिजली उपभोक्ताओं को 24 घंटे मिले इसके निर्देश शासन स्तर से हैं, लेकिन शहर में सोमवार की रात टूटा बिजली का खंभा मंगलवार को दोपहर एक बजे के बाद लग पाया। इस दौरान करीब 12 घंटे आपूर्ति ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को मंगलवार की सुबह पानी आदि के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
कृषि मंडी में सोमवार की रात 11 हजार की विद्युत लाइन का एक खंभा टूट गया। खंभा टूटकर पेड़ से जाकर टिक गया। इससे मंडी सहित अलीगंज रोड, शीतलपुर सहित अन्य मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार की सुबह विद्युत खंभा टूटने की जानकारी निगम के अधिकारियाें सहित कर्मचारियों को दी गई। उपभोेक्ताओं का आरोप है कि सूचना देने के बाद निगम के कर्मचारियों द्वारा लापरवाही की गई। करीब 11 के लगभग निगम के कर्मचारी विद्युत खंभा लेकर पहुंचे। तब जाकर वहां लाइन को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान करीब 1 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो पाई।
-
ये मोहल्लों में आपूर्ति रही ठप
मंगलवार को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के मोहल्ला गढ़ी लवायन सहित मेहता पार्क के पीछे के कई मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं ने बताया कि ठंडी सड़क स्थित विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति मोहल्लों में जाती है।
मंडी में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। बिजली का खंभा सोमवार की रात को कोई तोड़ गया था। इससे अलीगंज मार्ग पर आपूर्ति में समस्या आई है। अन्य मोहल्लों में आपूर्ति में दिक्कत रही। मामले की जानकारी की जा रही है। -जीसीएल भटनागर, अधिशासी अभियंता शहरी