एटा। गांव मिलावली में मकान की छत पर गए 11 वर्षीय बालक को हाईटेंशन विद्युत लाइन से करंट लग गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। बालक की पहचान गांव निवासी राजकुमार के बेटे राघव के रूप में हुई है।
परिजन ने बताया कि राघव मकान की छत पर गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। चीख सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और उसे विद्युत लाइन से दूर किया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजन का आरोप है कि मकान की छत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लाइन हटवाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है।
लाइन पहले से थी, इन लोगों ने मकान बाद में बनाया है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सुभाष चंद्र, अधीक्षण अभियंता