अलीगंज(एटा)। होली पर पुलिसकर्मी के घर से नकदी एवं जेवर चोरी करने वाले मैनपुरी के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी की गई रकम से खरीदी गई कार व जेवर आदि पुलिस ने बरामद किए हैं।
सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने सोमवार को बताया कि नंदकिशोर उर्फ सिंटू बहुत ही शातिर है, जो मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के गांव आंद्रा का निवासी है। उसको रविवार को अलीगढ़ जिले की सीमा पर पिलुआ थाना क्षेत्र के भदवास से गिरफ्तार किया है जो कार से सिकंदराराऊ जा रहा था। इसके पास से अलीगंज निवासी दशरथ सिंह के मकान से चोरी गए कुछ जेवर बरामद हुए हैं। पूछताछ में नंदकिशोर ने पुलिस को बताया कि चोरी की रकम से उसने आगरा में कार खरीदी थी। नंदकिशोर का आपराधिक इतिहास है। उस पर अलग-अलग जिले में तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। चोरी अपने शौक पूरे करने के लिए करता है। लग्जरी कार में चलाना, महंगे फोन रखना, ब्रांडेड कपड़े पहनना उसके शौक हैं।
करीब चार माह पहले ही वह जेल से छूटकर आया था। चोरी करने से पहले उस शहर में मकान किराए पर लेता है। कभी अपनी असली पहचान नहीं बताता और चोरी की घटना को अकेले ही अंजाम देता है। अलीगंज के मोहल्ला राधाकृष्ण निवासी पुलिसकर्मी दशरथ सिंह अलीगढ़ जिले में तैनात हैं। उनके परिवार के सभी लोग होली पर पैतृक गांव पहरा गए थे। 17 मार्च को वापस आने पर देखा तो घर से नकदी और जेवरात गायब थे। सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से तार जोड़ते हुए पुलिस चोर तक पहुंची।