उत्तर प्रदेश के एटा में शनिवार की देर रात एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे उसके भाई ने हत्या का आरोप लगाया। कहा कि बहनोई व अन्य लोगों ने बहन को मारकर फंदे पर लटका दिया है।
घटना नयागांव थाना क्षेत्र के गांव अखतिया की है। राजीव मिश्रा निवासी सियानी थाना मेरापुर जिला फर्रुखाबाद ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री लक्ष्मी (29) की शादी 2011 में की थी। दामाद संजीव पाठक दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। शराब का आदी हो गया है। इसकी वजह से वह आए दिन लक्ष्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था।
लक्ष्मी के भाई प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात सूचना मिली कि बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। हम लोग तुरंत ही बहन की ससुराल पहुंचे तो देखा कि उसने आत्महत्या नहीं की थी। बल्कि पति ने हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया था। प्रदीप का आरोप है कि न तो मौके पर बहनोई संजीव पाठक मिला न ही अन्य कोई ससुरालीजन।
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मायके पक्ष द्वारा तहरीर दी गई। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।