एटा। ससुराल आए राजमिस्त्री का शनिवार को गांव कटेलिया के बाहर बबूल के पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य संकलन किया। परिजन ने हत्या आरोप लगाया है।
गांव हजरतपुर थाना टूंडला जिला फिरोजाबाद निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि तहेरे भाई अवनीश (27) का विवाह 10 वर्ष पूर्व गांव कटेलिया गांव निवासी सीनू के साथ हुआ था। तीन वर्ष से अवनीश मथुरा में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। आरोप है कि शुक्रवार शाम को साढ़ू ने अवनीश को फोन कॉल करके फिरोजाबाद में बुलाया था। रात करीब 10 बजे तक परिजन से इसकी बात हुई तो इसने खुद को फिरोजाबाद में होना बताया था।
शनिवार सुबह करीब सात बजे अवनीश का शव ससुराल कटेलिया के बाहर बबूल के पेड़ से लटका मिला। आरोप है कि इसके कपड़ों पर मिट्टी लगी है और उसकी चप्पल घटना स्थल से दूर पड़ी हैं। इससे लग रहा है कि अवनीश की हत्या कर खुदकुशी दर्शाने के लिए शव के गले में अंगोछा बांधकर पेड़ से लटकाया गया है। सुबह कुछ लोग जब गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों की ओर पहुंचे तो बबूल के पेड़ से शव लटकते देखा। इसके बाद उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजन को सूचना देते हुए शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तीन माह से पत्नी रह रही थी मायके में
राजेश ने बताया कि भाभी सीनू तीन माह से अपने मायके कटेलिया में ही रह रही थीं। यहां आने से पहले वह भाई को छोड़कर कहीं चली गई थी। इस वजह से भाई परेशान थे। उनकी एक बेटा और एक बेटी है।
प्रथम दृष्ट्या फंदा लगाकर खुदकुशी करना प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर