मैनपुरी। जिलाधिकारी कार्यालय पर स्थित सभागार में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएचसी पर तैनात एक ब्लॉक डाटा मैनेजर शराब पीकर पहुंच गया। डीएम को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने कर्मचारी को पुलिस हिरासत में लेकर मेडिकल कराने के लिए भेज दिया इसके साथ ही उसकी सेवाएं भी समाप्त कर दी गई।
मंगलवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक कर रहे थे। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कुरावली सीएचसी की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों में से किसी ने शिकायत की कि कुरावली सीएचसी पर तैनात ब्लॉक डाटा मैनेजर मोहित भार्गव शराब पीकर स्वास्थ्य केंद्र पर आता है और बैठक में भी शराब पीकर आया है।
जिलाधिकारी ने तत्काल शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी मोहित भार्गव को पुलिस हिरासत में लेने के आदेश दिए और उसका मेडिकल कराने व उसकी सेवाओं को तत्काल समाप्त करने के आदेश दिए।