एटा/मारहरा। जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को मारहरा विधानसभा क्षेत्र के आरएबी इंटर कॉलेज में संसदीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। सांसद राजवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन और डीएम डॉ. विभा चहल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेला का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद ने कहा पंडित दीनदयाल के सपनों को पूरा करने का कार्य भाजपा कर रही है। मेले में 1600 मरीजों का उपचार किया गया।
संसदीय स्वास्थ्य मेले में शनिवार को सांसद राजू भैया ने विपक्षी पार्टियों पर तंज कसा। कहा कि लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सपा, बसपा कांग्रेस का काम नहीं है। यह काम भाजपा सरकार ही सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ कर रही है। इसका उदाहरण आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आने पर देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा जनपद में मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, बाईपास आदि भाजपा सरकार ने दिए। अपने चुनावी वायदों को भाजपा सरकार ने पूरा किया है। डीएम डॉ. विभा चहल ने कहा कि सरकार की योजनाओं को सफल बनाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। मेले में सांसद द्वारा आयुष्मान लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड और मरीजों को चश्मा वितरित किए। संचालन राकेश भदौरिया ने किया।
पूर्व विधायक सुधाकर वर्मा, भूपेंद्र सिंह, विधायक मारहरा वीरेंद्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर, चेयरमैन परवेज जुवैरी, सीएमओ डॉ. अरविंद गर्ग, एडीएमो डॉ. सुधीर, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉॅ. सीएल यादव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राम सिंह, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके अग्रवाल, महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
-------------
दोपहर बाद आए चिकित्सक
स्वास्थ्य मेले में सीएमओ द्वारा आगरा मेडिकल कालेज से विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया गया। हालांकि आगरा मेडिकल कॉलेज से सात चिकित्सक दोपहर 12 बजे के बाद मेले में पहुंचे। वहीं दो फिजीशियन सुबह से ही मेले में पहुंच गए।
-----------
पर्चा काउंटर पर लगी लंबी लाइन
स्वास्थ्य मेले में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। इस दौरान सात स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों के पर्चे बनाए गए। इसके बाद भी मरीजों में पहले पर्चा बनवाने को लेकर धक्कामुक्की होती रही।
----------
दवा के लिए भी धक्कामुक्की
स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों को दिखाने के बाद मरीज दवा काउंटर पर पहुंचे। यहां पहले दवा लेने को मरीजों में धक्कामुक्की हो गई। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों की लाइन भी अलग-अलग नहीं थी।
-------------
बोले मरीज
आंख से नजर नहीं आता है। उसकी दवा लेने आए है। चिकित्सक द्वारा दवा दे दी गई है, लेकिन ऑपरेशन के लिए बोला है।
सरस्वती, मारहरा निवासी
-------------
शरीर में दर्द और सिर में खुजली रहती है। काफी देर पर्चे के लिए लाइन में लगना पड़ा। अब चिकित्सक को दिखाने के लिए लाइन में लगे हैं।
जानकी देवी, मारहरा
-----------
तीन दिन से बुखार आ रहा था। सुना मेला लगा है और अच्छे चिकित्सक आए हैं। इस कारण मेले में दिखाने चला आया। अब देखो कब नंबर आए।
मोहनलाल, मिरहची निवासी
-------
पैरों में दर्द की शिकायत थी। आगरा से चिकित्सक आने की सूचना पर दिखाने चला आया। चिकित्सक ने पूरी बात सुनी ही नहीं।
राम सनेही, हिम्मतपुर काकमई निवासी