बसपा के पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी की बयानबाजी पर भड़के भाजपाई शनिवार को शहर की सड़कों पर उतर आए। बेटी का सम्मान, भाजपा की पहचान जैसे नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल चौक से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। बसपा नेता पर अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तारी की मांग के लिए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
भाजपा नेता दयाशंकर सिंह के बयान से बैकफुट पर आई भाजपा बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के बयान के बाद आक्रामक हो गई है। इसका नजारा शनिवार को शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। दोपहर को जिला परिषद स्थित कैंप कार्यालय पर एकत्रित भाजपाइयों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डा. दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि पूर्व मंत्री सिद्दीकी के अमर्यादित बयानों से स्पष्ट है कि बसपा में बहन बेटियों की कोई इज्जत नहीं है। उन्होंने ऐसी टिप्पणी करने वाले नेता की गिरफ्तारी की मांग की।
पूर्व विधायक सुधाकर वर्मा ने कहा कि बसपा नेता शालीनता खो चुके हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी अमर्यादित बयानबाजी करने वाले को जेल भेजने की मांग की। उपस्थित भाजपाइयों में पंकज चौहान, वीरेंद्र वर्मा, रामसेवक पहलवान, प्रदीप भामाशाह, संदीप जैन, जितेंद्र पाल राघव, कौशलेंद्र सिंह राठौर लवली, कैलाश लोधी, धर्मेंद्र राठौर, विपिन वर्मा डेविड, आमोद दुबे, सुशील गुप्ता, वीरेंद्र वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।