डीएम विजय किरन आनंद ने रविवार को नगर पालिका की सड़कों का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जहां बिना आधार के बनीं सड़कें मिलीं। वहीं सफाई कार्य में भी लापरवाही दिखी। सड़कों की गुणवत्ता की जांच लैब में कराने के साथ ही डीएम ने सफाईकर्मी संदीप को निलंबित करते हुए सुपरवाइजर बालकपूर का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने सबसे पहले पंजाबपुरा स्थित धोबीघाट में और नेहरू नगर में मनोज के मकान से मंदिर तक की गई इंटरलाकिंग की जांच की। सामने आया कि सड़क निर्माण के दौरान बेस नहीं बनाया गया गया है। नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने गुणवत्ता जांच हेतु इंटरलाकिंग ईंटों की लैब टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं होली गेट स्थित राजू के घर से अशरफ हुसैन के घर तक बनवाई गई सड़क निर्माण में भी मानक की अनदेखी पर रोष व्यक्त किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सफाई कर्मी की मनमानी की शिकायत की। चहुंओर गंदगी देख भड़के डीएम ने सफाईकर्मी संदीप को निलंबित करने और मॉनीटरिंग न करने पर सुपरवाइजर बालकपूर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पंजाब पुरा, श्यामनगर, जाटवपुरा में भी निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए।
----------------
इन गलियों का निर्माण कार्य होगा शुरू
डीएम विजय किरन आनंद ने निर्देश दिए कि नन्नूमल चौराहे से कटरा मोहल्ला, पटियाली गेट चौराहे से पीपल अड्डा, पटियाली गेट से मारहरा दरवाजा रोड, कचहरी रोड से आगरा रोड तिराहा, कचहरी चौराहा आगरा रोड वाया जेल, कचहरी चौराहा से गांधी मार्केट, ठंडी सड़क, मेहता पार्क से तहसील तक वाया वली मोहम्मद चौराहा कैलाशगंज, वली मोहम्मद चौराहे से कसावर खाने तक, कसावर खाने से पटियाली गेट चौकी तक, पटियाली गेट चौराहे से नन्नूमल चौराहे तक का सड़क निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू कराया जाए।