एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में सीमेंट व्यापारी के साथ जून माह में लूट की घटना हुई थी। इसमें वांछित चल रहा अंतरजनपदीय गिरोह के 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल होने पर गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे कोतवाली नगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। शिवसिंहपुर तिराहे से आगे शीतलपुर रोड पर चेकिंग के दौरान एक सफेद अपाचे बाइक गंजडुंडवारा रोड की तरफ से आते दिखाई दी। इस पर सवार दो व्यक्तियों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने भागने का प्रयास कर पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में 25 रुपए का इनामिया बदमाश सिकंदर निवासी डेरा बंजारा थाना कुरावली जनपद मैनपुरी गोली लगने से घायल हो गया। जिसको गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि एक फौजी नाम का बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक छोड़ मौके से भाग गया। तलाशी के दौरान एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।
एसएसपी का कहना कि पकड़ा गया बदमाश अंतरजनपदीय गिरोह का सदस्य है। आरोपी ने गैंग के साथ मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, मथुरा और एटा में कई लूट, डकैती, चोरी की घटनाएं की हैं। इसने अपने साथियों के साथ एटा में 9 जून 2023 को कोतवाली नगर क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज पर मॉर्निंग वॉक करते समय सीमेंट कारोबारी अमित चौहान से रास्ता पूछने का बहाना बनाकर सरिया मारकर मोबाइल लूटना स्वीकार किया है।