एटा। थाना रिजोर क्षेत्र में ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को बुधवार की रात करीब आठ बजे टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों घायल हो गए। इनको मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां पिता को मृत घोषित कर दिया गया। गांव निधौली खुर्द निवासी संजय यादव उर्फ संजू (40) की मौत हुई है। जबकि पुत्र नितिन कुमार घायल हुआ है। घायल छात्र के मामा शोभित ने बताया कि नितिन 10वीं का छात्र है। बुधवार की रात करीब आठ बजे कोचिंग की छुट्टी होने के बाद बाइक से उसे लेकर संजय घर आ रहे थे।
गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि नितिन के हल्की चोटें आई थीं। घायल छात्र का उपचार पहले निजी चिकित्सक से कराया बाद में मेडिकल कॉलेज ले गए। थाना प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर लगने से पिता की मौत हुई है और पुत्र घायल हुआ है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसों में तीन अन्य घायल
एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव हरनावली के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार बृजभान सिंह निवासी नगला सबल थाना नयागांव घायल हुआ है। गांव भगवंतपुर निवासी अवधेश कुमार बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे गांव के पास ही कार की टक्कर लगने से घायल हुआ है। कोतवाली नगर क्षेत्र शिकोहाबाद रोड स्थित गांव गंगनपुर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार संजू निवासी धरौली थाना जैथरा घायल हुआ है। बताया कि संजू अपनी बहन प्रेमलता के गांव नगला भजुआ जा रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। संवाद