एटा। गांव उज्जैपुर में शनिवार सुबह गली में मधुमक्खी पालक का शव पड़ा मिला। परिजन ने दोस्तों पर घर से पार्टी के बहाने जबरन ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली देहात निवासी मुकेश ने बताया कि भाई दिनेश कुमार (35) मधुमक्खी पालन करते थे। पिता अतर सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। भाई को शुक्रवार शाम गांव के ही रहने वाले दो दोस्त पार्टी करने की कहकर जबरन ले गए। रात लगभग 10 बजे तक पार्टी करते हुए देखा। दोस्तों के साथ जाने पर रात में नहीं लौटने पर परिजन चिंतित नहीं हुए।
शनिवार सुबह ग्रामीण रास्ते से गुजरे तो गली में दिनेश का खून से लथपथ पड़ा शव था। यह देखकर गांव के लोगों ने परिजन को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर परिजन ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि सुबह लगभग छह बजे सूचना मिली तो कोतवाली देहात पुलिस, डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
शव के पास ही एक लकड़ी का टूटा हुआ गुटका पड़ा हुआ था। जानकारी मिलते ही एसएसपी श्याम नारायण सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं और उसका चेहरा पूरी तरह से खून से सना हुआ है। घटना स्थल को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे कि पीछे से सिर पर वार किया गया है। मामले में परिजन ने साथ ले जाने वाले युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
वर्जन-
घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। कोतवाली देहात के साथ ही स्वाट और सर्विलांस टीमें लगातार मामले की छानबीन कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। - श्याम नारायण सिंह, एसएसपी