एटा। उप्र बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी हो गया है, लेकिन अभी परिणाम जारी नहीं हुआ है। इसे लेकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाने के नाम पर छात्र-छात्राओं को फोन किए जा रहे हैं। कई जिलों में छात्र-छात्राओं के साथ ठगी भी कर ली गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी को सलाह जारी की है। डीआईओएस मिथलेश कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों से जूम मीटिंग के दौरान जानकारी मिली कि साइबर ठग बोर्ड परीक्षा दे चुके छात्र-छात्राओं को कॉल कर रहे हैं। गलत जानकारी देकर परीक्षा में पास कराने के नाम पर रुपये ठग रहे हैं। कहा कि जनपद में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन बोर्ड परीक्षा दे चुके छात्र-छात्राओं को जागरूक होना जरूरी है। उनका कहना है अगर किसी के पास कोई कॉल आए और परीक्षा से संबंधित बात करें उसकी बातों में न आएं और न ही उसे रुपये दें। वहीं कॉल की जानकारी कार्यालय में देने के साथ पुलिस को भी सूचना दें।