एटा। विकास खंड अलीगंज की ग्राम पंचायत ढटिंगरा के ग्राम पंचायत अधिकारी (बीडीओ) को जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलंबित कर दिया। विकास कार्य में अनियमितताएं और स्ट्रीट लाइट लगवाने में शासकीय धनराशि का दुरुपयोग करने के मामले में यह कार्रवाई की गई। मामले में एडीओ पंचायत को जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
विकास खंड अलीगंज की ग्राम पंचायत ढटिंगरा में ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा इंटरलॉकिंग का कार्य बड़ी धनराशि के साथ कराया गया। हालांकि ग्राम प्रधान और सचिव ने इंटरलॉकिंग खरीद के संबंध में कोई व्यय वाउचर उपलब्ध नहीं कराए। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया गया।
ग्राम पंचायत ढटिंगरा में एक लाख 98 हजार की लागत से स्ट्रीट लाइट लगवाई गईं और विद्यालय के फर्नीचर में सात लाख 92 हजार रुपये खर्च किए गए। शासकीय कार्यों में रुचि न लेने और अपने कर्तव्यों का समुचित रूप से निर्वहन न करने एवं अनुशासनहीनता के मामले में बीडीओ कौशलेश को निलंबित कर दिया गया है।
-------------------------------
ग्राम पंचायत ढटिंगरा में बीडीओ द्वारा विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने व सरकारी धनराशि का दुरुपयोग करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच एडीओ पंचायत को सौंपी गई है।
- आलोक कुमार प्रियदर्शी, जिला पंचायत राज अधिकारी