अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला गुलाम हुसैन में बैटरी भटने से जला सामान। संवाद
अलीगंज। कस्बे के मोहल्ला गुलाम हुसैन में शुक्रवार की शाम को एक मकान में इन्वर्टर की बैटरी फटने से आग लग गई। बैटरी फटने की तेज आवाज सुनकर एकत्रित हुए लोगों ने जैसे-तैसे आग को बुझाया। सूचना के बाद भी फायर बिग्रेड के न पहुंचने से लोगों में आक्रोश है।
मोहल्ला गुलाम हुसैन में योगेश कश्यप, उसके तीन भाई, एक बहन और मां शुक्रवार की शाम को घर पर थे। करीब चार बजे अचानक बैटरी फटने पर हुए तेज धमाके से परिवार के सभी सदस्य घबराकर बाहर आ गए। बैटरी फटते ही घर में आग फैल गई आग की लपटों को देख परिजन घबराकर शोर मचाने लगे। शोर और धमाके की आवाज को सुन एकत्रित हुए पड़ोसियों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
पड़ोस में लगी सबमर्सिबल और बाल्टी से पानी डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। पुलिस के पहुंचने तक आग बुझ चुकी थी। आग में घर का सामान जलने से परिवार के सदस्य परेशान हैं। योगेश ने बताया दो वर्ष पहले पिता रामसेवक के निधन के बाद से परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है, इस हादसे से मुसीबत बढ़ गई है।