एटा। राजकीय जिला औद्योगिक एवं विकास प्रदर्शनी के तहत पं. गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को बेसिक टीचर्स व एटा क्रिकेट अकादमी के मध्य मैच खेला गया। स्कोर बराबरी के बाद सुपर ओवर में बेसिक टीचर्स की टीम ने 5 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
मैच का उद्घाटन प्रधानाचार्य दिनेश चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व एक गेंद खेलकर किया। बेसिक टीचर्स टीम के कप्तान मनीष दुबे ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। एटा क्रिकेट अकादमी की ओर से सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे सनी ने 44 गेंद पर 56 रन, लवी ने 30 गेंद पर 26 रन बनाए। टीम 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बेसिक की तरफ से देवप्रकाश ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटा बेसिक टीचर्स टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज अंकित ने 25 गेंदों पर ताबड़तोड़ 42, देवप्रकाश ने 23 गेंद पर 28 व राजीव ने 12 गेंद पर 15 रन का योगदान दिया। अन्य सभी बल्लेबाजों के रनों को मिलाकर 20 ओवर में 140 रन ही बने। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने पर निर्णायकों ने सुपर ओवर का निर्णय लिया।
सुपर ओवर में बेसिक टीचर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 रन बनाए। एटा क्रिकेट अकादमी की तरफ से सचिन तथा शनि बल्लेबाजी के लिए आए। मनीष दुबे ने जबरदस्त गेंदवाजी करते हुए पहली गेंद वाइड डालकर सनी को जाल में फंसाते हुए रन आउट करा दिया। अगली गेंद पर सचिन को 0 पर बोल्ड कर दिया। इस प्रकार टीम 5 रन से जीत गई। संयोजक अखिल दीक्षित, दिनेश चौधरी, जितेंद्र पाल सिंह, अमित शर्मा, अलीम, अफसर अहमद, रोहित यादव, राजीव वर्मा आदि क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे। अंपायर की भूमिका जितेंद्र पाल सिंह व राहुल ने निभाई।