दो माह पूर्व बनाई गई छह लाख रुपये लागत की सड़क एक बारिश में धुल गई। ठेकेदार की कारगुजारी जब पालिका प्रशासन के पास पहुंची तो ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है। अब पालिका प्रशासन ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
तीन महीने पहले नगर पालिका ने नन्नूमल चौराहे से वली मोहम्मद चौराहे जाने वाले मार्ग के मरम्मत कार्य के लिए टेंडर निकाले थे। टेंडर प्रक्रिया के बाद चेयरमैन के एक खास ठेकेदार को मरम्मत कार्य का जिम्मा छह लाख रुपये में सौंपा गया। ठेकेदार ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया। केवल रोड पर डामर की लेपिंग कर दी। आलम यह रहा कि एक बारिश में सड़क धुल गई और पहले जैसी हो गई। लोगों ने सड़क बह जाने और गड्ढों की शिकायत नगर पालिका से की। पालिका प्रशासन ने पहले तो ठेकेदार के बचाव का प्रयास किया। इसके बाद जब जनता का दबाव बना, पालिका ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। पालिका प्रशासन ने ठेेकेदार सत्यप्रकाश को नोटिस जारी कर जवाब तलब करते हुए छह लाख रुपये का भुगतान रोक दिया गया है। अधिशासी अधिकारी संतराम सरोज का कहना है कि ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है। साथ ही नोटिस देकर दोबारा सड़क बनाने के निर्देश दिए गए हैं।