एटा। जिले की लीड केनरा बैंक में कोरोना पॉजिटिव मरीज निकलने से बैंक का क्षेत्रीय कार्यालय सहित मुख्य शाखा बंद है। इसके चलते सरकारी योजनाओं में लोन लेकर अपना रोजगार शुरू करने वालों को झटका लगा है। अभी तक जिला उद्योग केंद्र में दो सौ के करीब आवेदन आए हैं। इसमें से अस्सी को पास कर लीड बैंक भेजा गया है,लेकिन एक भी व्यक्ति का लोन मंजूर नहीं हो सका है।
जिले मेें कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित केनरा बैंक हुई है। बैंक का एक कर्मचारी प्रतापगढ़ में पॉजिटिव आया। इसके बाद यहां कराई गई जांच में अब तक करीब 12 से ज्यादा कर्मी पॉजिटिव आ चुके हैं, इसमें लीड बैंक मैनेजर भी शामिल हैं।
इसके बाद से सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक का क्षेत्रीय कार्यालय और मुख्य ब्रांच बंद कर दी गई है। इससे यहां सभी काम बंद हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को आ रही है, जिन्होंने सरकार की योजना में स्वत: रोजगार स्थापित करने के लिए जिला उद्योग केंद्र में लोन के लिए आवेदन किया है।
अब तक करीब दौ सौ लोगों ने लोन के लिए आवेदन किया, इसमें से करीब अस्सी लोगों की फाइल पास कर बैंक भेज दी गईं पर किसी का भी लोन स्वीकृत नहीं हुआ है।
लीड केनरा बैंक में एलडीएम सहित कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आने से लोन के फार्म बैंकों में रुके पड़े हैं। जल्द ही अन्य बैंकों के साथ मीटिंग कर उनसे लोगों को आवेदन स्वीकार कर लोन देने को कहा जाएगा।
-अनुराग यादव, उपायुक्त उद्योग