लवकुशनगर और पाल नगर में कई बस्तियां ऐसी हैं, जहां बिजली के कनेक्शन तो दिए लेकिन विभाग ने पोल नहीं लगवाए। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता बांस बल्लियों के सहारे बिजली लाइन ले जाने को विवश हैं।
उपभोक्ता केबिल को पेड़ तो कहीं बांस बल्लियों से बांधकर अपने मकानों तक बिजली केबिल पहुंचा रहे हैं। कई मकानों तक तो यह केबिल 200-250 मीटर तक डालनी पड़ रही है। लंबी केबिल होने के चलते अक्सर ही कहीं न कहीं उलझकर टूट जाती है। जिससे फाल्ट होने की आशंका बनी रहती है। रात में तार टूट जाने से बिजली गुल जाती है और रात अंधेरे में काटनी होती है। बार बार केबिल टूटने से केबिल शीघ्र खराब हो जाती है और नई पुन: केबिल डालनी होती है।
पाल नगर निवासी रामकिशोर का कहना है कि पोल से करीब 150 मीटर दूरी तक केबिल ले जानी पड़ रही है। कई स्थानों पर बांधना पड़ रहा है। यदि पोल लगवा दिए जाएं तो उपभोक्ताओं की दिक्कत कम हो जाएगी। लवकुशनगर के वीरेश कुमार का कहना है कि लंबी केबिल होने के चलते बार बार फाल्ट होते हैं। जिन्हें ठीक कराने में काफी दिक्कत होती है। कई बार तो रात भर बिजली गुल रहती है।