17 हजार मनरेगा श्रमिकों के परिवारों को मिलेगा रोजगार
एटा। मनरेगा सेल की ओर से मानव दिवस सृजन का लक्ष्य बढ़ाया गया है। जिसके तहत करीब 17 हजार मनरेगा श्रमिकों के परिवारों को रोजगार दिया जाएगा। वहीं अभी तक करीब 52 हजार परिवारों को सौ दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
हर वित्तीय वर्ष मानव दिवस सृजन करने के लिए शासन स्तर से लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। जिसके तहत मनरेगा मजदूरों को सौ दिन का रोजगार उपलब्ध कराकर ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए जाते हैं।
शासन स्तर से तय लक्ष्य के मुताबिक जिले में करीब 22 लाख 85 हजार मानव दिवस वित्त वर्ष के अंत तक सृजित करने थे। लेकिन मनरेगा सेल की ओर से दिसंबर माह में ही लक्ष्य को पूरा कर लिया गया। जिसके बाद शासन स्तर से लक्ष्य बढ़ाते हुए जिले को करीब 5 लाख मानव दिवस और सृजित करने को कहा गया है।
अब 27 लाख 50 हजार मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। जिसके तहत 70 हजार मनरेगा परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना था। जिसमें 52 हजार परिवारों को रोजगार उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं 17 हजार परिवारों को मार्च माह के अंत तक रोजगार उपलब्ध कराना है। मनरेगा उपायुक्त प्रभु दयाल ने कहा कि मानव दिवस सृजन में जिले की स्थिति अच्छी चल रही है। शासन ने दोबारा लक्ष्य दिया है जिसे मार्च माह तक पूरा कर लिया जाएगा।