एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में मारहरा रोड पर स्थित मेडिकल कॉलेज में तैनात एक बाबू ने एमबीबीएस छात्रों के परीक्षा शुल्क में से 5 लाख रुपये का गबन कर लिया। लेखा विभाग के प्रभारी ने आरोपी बाबू के खिलाफ गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य रजनी पटेल ने बताया कि मारहरा रोड पर स्थित एकेडमिक विंग में छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन होता है। यहां से एक बाबू द्वारा एमबीबीएस छात्रों के परीक्षा शुल्क में से 5 लाख रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर व लेखा विभाग के प्रभारी मंजेश ने बताया कि शहर के मोहल्ला सराय ज्ञान पुरानी बस्ती निवासी अंकित जैन संविदा पर बाबू है। एमबीबीएस शैक्षिक सत्र 2023-24 के छात्रों से परीक्षा शुल्क जमा करने की जिम्मेदारी उसको सौंपी गई थी। उसने परीक्षा शुल्क के रूप में 13.63 लाख रुपये प्राप्त किए थे।
इसमें से 8.63 लाख रुपये ही मेडिकल कॉलेज में जमा किए। 5 लाख रुपये के बारे में पूछने पर गुमराह कर रहा है। आशंका है कि उसने 5 लाख रुपये का गबन कर लिया है। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।