एटा। खेत पर गोवंशों को निकालने गए मां-बेटे पर रंजिश के चलते हमला कर दिया गया। मां किसी तरह से जान बचाकर भागने में सफल रही, लेकिन बेटे की गर्दन रेतकर हत्या करने का प्रयास किया गया। चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर हमलावर भाग गए। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी आकाश की गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहारकर हत्या करने का प्रयास किया गया है। आधी गर्दन रेते जाने से गंभीर रूप से घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मां जावित्री देवी ने बताया कि वह बेटे के साथ गांव के पास ही खेत पर गोवंशों को निकालने के लिए गई थी। तभी गांव का ही मुनेश कुमार, इसका भाई नरेश, पूर्व प्रधान पप्पू सिंह निवासी नगला भिखारी और इसके गांव के ही शिवदयाल व सोनू आ गए। इन लोगों ने मुझे पकड़ने का प्रयास किया।
चीख पुकार मचाते हुए मैं गांव की ओर भागी और किसी तरह से जान बचाई। इस दौरान इन लोगों ने बेटे को पकड़ लिया और धारदार हथियार से गर्दन पर प्रहार कर हत्या करने का प्रयास किया। मरा समझ कर खेतों में छोड़कर भागे। वहीं चीख-पुकार सुनकर गांव की तरफ से भी लोग पहुंचे। थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि घायल की रंजिश आरोपियों से चल रही है, इसको लेकर हमला करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, घायल को इलाज के लिए भेजा गया है।
एक वर्ष पहले शराब पिलाकर कराया था बैनामा
घायल की मां का आरोप है कि हमलावर नरेश पाल सिंह ने जुलाई 2022 में 8 बीघा जमीन का बैनामा आकाश और छोटे पुत्र अनूप को शराब पिलाकर अपने हक में करा लिया था। इस मामले में धोखाधड़ी से बैनामा कराने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसको लेकर रंजिश चली आ रही है। इसी बात को लेकर हत्या करने का प्रयास किया गया।