एटा। जैथरा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत दहेलिया में पीएम आवास योजना के नाम पर एक महिला से 25 हजार रुपये लिए गए। पांच हजार रुपये लेते हुए प्रधान पति का वीडियो वायरल हुआ। लाभार्थी महिला की तहरीर पर प्रधान पति पर एफआईआर दर्ज की गई है।
गांव की पूनम देवी ने शुक्रवार को जैथरा बीडीओ फैजल आलम को प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें बताया कि कि उसका परिवार काफी गरीब है। उसके नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास स्वीकृत हुआ। इसके बाद प्रधान किरन देवी के पति कुंवरपाल ने किश्त भिजवाने के लिए 20 हजार रुपये ले लिए। वहीं जब बैंक खाते में पहली किश्त आई तो उसमें से पांच हजार रुपये लिए। कहा कि यदि रुपये नहीं दिए तो नाम कटवा दिया जाएगा। साथ ही अगली किश्त में से भी पांच हजार रुपये देने को कहा है। आरोप है कि प्रधान का कहना है कि पैसा ऊपर तक जाता है, दोगे नहीं तो काम नहीं होगा।
इसके साथ ही महिला की ओर से एक वीडियो भी वायरल किया गया। जिसमें वह कुंवरपाल को पांच हजार रुपये देती हुई दिखाई पड़ रही है। मामला संज्ञान में आते ही डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला के प्रार्थनापत्र के आधार पर ही कुंवरपाल के विरुद्ध थाना जैथरा में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
आवास के लिए कोई रुपये मांगे तो करें शिकायतजिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रार्थना पत्र और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी प्रधान पति कुंवरपाल निवासी अल्हापुर थाना जैथरा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। यदि किसी भी लाभार्थी से ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव या किसी अन्य द्वारा रुपयों की मांग की जाए, तो उसकी शिकायत करें। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।