एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात तीन बदमाशों ने एक एटीएम (ऑटोमेटेड टेलर मशीन) को उखाड़ लिया। इसी बीच गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। इस पर पुलिस ने दौड़ा कर एक को पकड़ लिया। शेष दो बदमाश भागने में सफल रहे।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि कोतवाली नगर बस स्टैंड चौकी की कोबरा पुलिस बृहस्पतिवार की देररात करीब एक बजे गश्त पर थी। इस बीच निधौली कलां रोड स्थित इंडिया वन एटीएम की केबिन में तीन संदिग्धों को देखा तो उन्हें टोका। पुलिस को देखकर सभी लोग भागने लगे।
इस पर पुलिस ने दौड़ाकर एक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी ललित प्रजापति निवासी मोहल्ला चित्रगुप्त कॉलोनी थाना कोतवाली नगर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह एटीएम को उखाड़ चुके थे और ले जाने की फिराक में थे। उसने बताया कि इससे पहले सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिए गए थे। ताकि उनकी पहचान न हो सके।
आरोपी ने अपने साथी शिवम निवासी मोहल्ला चित्रगुप्त कॉलोनी और शिवम उर्फ काठमांडू निवासी मोहल्ला शास्त्री नगर थाना कोतवाली नगर के नाम बताए, जो वारदात में शामिल रहे।
एसएसपी ने बताया है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी ने इससे पहले आर्यावर्त बैंक शाखा जीटी रोड और शिकोहाबाद रोड स्थित सेंट्रल बैंक पर भी चोरी के प्रयास किए थे। इनका पिछला रिकॉर्ड भी तलाश किया जा रहा है।