एटा। कलेक्ट्रेट पर सोमवार को अपनी मांगों को लेकर आशाओं ने प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एएसडीएम को सौंपा।
आशा संगठन की जिलाध्यक्ष मीरा यादव के नेतृत्व में जलेसर और अवागढ़ ब्लॉक की आशा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर पहुंची। डीएम कार्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी करने लगीं। नारेबाजी होते ही एएसडीएम वेद प्रिय आर्य बाहर निकल आए और आशाओं से बात की। मामले की जानकारी सीएमओ को दी गई। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी भी पहुंच गए। इस दौरान आशाओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एएसडीएम को दिया। जिसमें कहा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 11 लाख आशा और 1 लाख संगिनी कार्यरत हैं। स्वास्थ्य विभाग की रीड की हड्डी आशा को माना जाता है। उनकी मांगे काफी लंबे समय से चल रही हैं, लेकिन उन मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है।
आशाओं ने कहा कि कई बार पत्राचार भी किया गया है, लेकिन मांगे पूरी नहीं हुई है। जबकि आशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वाहन कर रहीं हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी आशाओं ने जान की बाजी लगाकर कार्य किया था। इसके बावजूद भी मांगें नहीं मानी गईं। आशाओं ने ज्ञापन में सरकारी कर्मचारी घोषित किए जाने की मांग सहित 30 दिन का वेतन भुगतान, सर्दी और गर्मी की अलग-अलग वर्दी, 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा सहित 10 मांगें रखी। लक्ष्मी, शशि प्रभा, नीरज ठाकुर, विजय, नंदिनी, नीरज आदि रहीं।