अलीगंज। कस्बे की कांशीराम कॉलोनी में शाम होते ही जगह-जगह जुए के फड़ के साथ शराब पीने वालों का जमघट लग जाता है। कई बार शिकायत करने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया है।
कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को समाधान दिवस में जिलाधिकारी और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने बताया पुलिस के कार्रवाई नहीं करने से जुआरी-शराबी कॉलोनी में आए दिन हुड़दंग करने के साथ ही आपत्ति करने वालों पर तंज कसते हैं। कॉलोनी की फरीन ने कहा इस प्रकार से कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। हालत यह है कि असामाजिक तत्वों की वजह से शाम को घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। विरोध करने पर कई बार कॉलोनी में झगड़ा भी हो चुका है। लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने जांच कराकर जुआरियों-शराबियों पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।