एटा। रोडवेज के रंग में रंगी बसों की धरपकड़ के लिए मंगलवार सुबह से ही बस स्टैंड पर धरपकड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई। डग्गामार वाहनों को खड़ेदा गया। इस बीच निगम के रंग में रंगी तीन बसों के चालान किए गए। इससे डग्गामार वाहन संचालकों में भगदड़ मच गई।
एआरएम राजेश यादव मंगलवार सुबह 11 बजे स्टेशन प्रभारी अजयपाल सिंह व अन्य कर्मचारियों के साथ बस स्टैंड पर पहुंचे। डग्गेमार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। डग्गामार और प्राइवेट बस संचालकों ने एआरएम को टीम के साथ देखा तो वाहनों को भगाने लगे। सुबह करीब एक घंटे से अधिक समय तक धरपकड़ अभियान चलाया गया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे एआरएम फिर बस स्टैंड पहुंचे। यहां पर कर्मचारियों के साथ चेकिंग की और तीन बसों के चालान परिवहन विभाग के माध्यम से कराए।
एआरएम ने बताया कि रोडवेज के रंग में रंगी बस पटियाली से दिल्ली जाते समय पकड़ी गई थी। उसमें इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन मिलने के बाद चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों को ऐसी बसों का संचालन करने वाले गुमराह करके बैठा लेते हैं। इससे यात्रियों को असुविधा और निगम को राजस्व की हानि हो रही है।
रोडवेज के रंग में रंगी तीन बसों का चालान किया गया है। एआरएम के द्वारा बसों को चेकिंग के दौरान पकड़ा था और फोटो भेजे गए। इसके बाद कार्रवाई की गई। - अभिनव चौधरी, एआरटीओ प्रवर्तन