एटा। अगले माह जिले में सांसद खेल स्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसमें 8 खेल विधाओं में खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। अब तक 30 हजार से अधिक खिलाड़ी आवेदन कर चुके हैं।
उप क्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा में अभी तक 30540 आवेदन खिलाड़ियों द्वारा किए जा चुके हैं। इस प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, बालीवॉल, योगासन, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कुश्ती आदि में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के लिए विधानसभावार आवेदन किए जा रहे हैं। सबसे अधिक 15800 आवेदन एटा विधानसभा में आए हैं। वहीं कासगंज विधानसभा में 5159, मारहरा विधानसभा में 3818, पटियाली में 1724, अमांपुर में 4039 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से जिला खेल कार्यालय द्वारा उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, युवा कल्याण, पुलिस, चिकित्सा विभाग आदि के सहयोग से इस खेलकूद प्रतियोगिता में आवेदन कराए जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन 1 दिसंबर से किया जाएगा। सांसद खेल स्पर्धा के विजेता खिलाड़ियों को आगरा जोन में खेलने का मौका मिलेगा। किस ईवेंट के खेल कहां पर होंगे, इसकी रूपरेखा बैठक आयोजित होने पर बनाई जाएगी।