मिरहची। क्षेत्र के गांव नगला श्याम में स्वास्थ्य विभाग की कवायद के बाद भी चिकन पॉक्स की बीमारी थमने का नाम नहीं ले रही है। तीन दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की जांच में छह मरीज मिलने के बाद शनिवार को एक और मरीज के मिलने पर लोग तनाव में हैं।
नगला श्याम में फैले संक्रमण की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर मरीजों की लगातार जांच कर रही है। तीन दिन पहले पचास मरीजों की जांच करने पर छह मरीज चिकन पॉक्स से पीड़ित मिले थे, बाकी मरीज बुखाार, सर्दी, जुकाम-खांसी से पीड़ित थे। चिकन पॉक्स के छह मरीज मिलने के बाद से गांव के लोग बेहद आशंकित हैं, शनिवार को चिकित्सकीय परीक्षण में एक और चिकन पॉक्स का मरीज मिलने पर गांव में खलबली मच गई है। गांव के लोगों का मानना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम के लगातार संक्रमित लोगों की जांच करने और दवा वितरित किए जाने पर भी बीमारी नियंत्रित नहीं हो पा रही है। डॉ. रविरंजन यादव ने गांव के लोगों से संक्रमण से बचने के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए मच्छरदानी का उपयोग करने, जलभराव और गंदगी की समस्या दूर करने को कहा है। शनिवार को जांच करने वाली टीम में डॉॅ. अप्सरा जरीन, महेंद्र, रीना, नीरज, पवित्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।