थाना आवागढ़ पर हंगामा करते भीम आर्मी के कार्यकर्ता। संवाद
अवागढ़। क्षेत्र के गांव शहनौआ में शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की शोभायात्रा का आयोजन था। शोभायात्रा से विवाद होने पर भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तनाव को शांत करने के लिए गुस्साए लोगों को समझाते हुए शोभायात्रा के आयोजन के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शनकारी भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गांव के एक पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की है। इसको लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता भड़क गए और सैकड़ों की संख्या थाने आकर हंगामा करने लगे। इस पर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने गुस्साए कार्यकर्ताओं की बात को सुनते हुए उनकी तहरीर लेकर शोभायात्रा के बाद कार्रवाई की आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने बताया शोभायात्रा के लिए एसडीएम जलेसर ने दोपहर तीन बजे से रात्रि दस बजे तक अनुमति दी थी। थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने कहा दोनों पक्ष में पहले से मनमुटाव है, दूसरे पक्ष से वार्ता कर मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।