शहर के नगला पोता में दलदल के बीच फंसी कार। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शहर के नगला पोता चौक स्थित गली दो माह से उखड़ी पड़ी है। यहां सीवर लाइन बिछाने का काम किया गया था। जिसके बाद से अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है। राहगीरों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है। नगला पोता और शांतिनगर के बीच गलियों में जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने का काम दिसंबर माह में किया था। जिसके बाद से विभाग ने अभी तक गली की मरम्मत नहीं कराई है।
जिससे यहां पर कीचड़ व दलदल जैसे हालात बने हुए हैं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी गलियों में भर रहा है। चार पहिया वाहन अक्सर गड्ढों और दलदल में फंस जाते हैं। हर रोज एक दो वाहन फंसते हैं, जिन्हें निकालने में लोगों को मशक्कत करनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि गली की इतनी दुर्दशा हो चुकी है कि बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं निकल नहीं पाती है।
जल निगम से की शिकायत लेकिन नहीं हुआ समाधान
स्थानीय निवासी बृज किशोर राठौर, धर्मेंद्र सिंह, हरिओम, मनोज कुमार, राकेश कुमार आदि ने बताया कि जल निगम को गली मरम्मत के लिए प्रार्थनापत्र भी दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अभी तक मरम्मत तक नहीं कराई गई है।