एटा के राजा का रामपुर क्षेत्र के डाकघर के डाकपाल मजबूर पिता की कमाई को उड़ा ले गया। उन्होंने बेटी के हाथ पीले करने के लिए पाई-पाई इकट्ठा की थी। लुहारी खेड़ा डाकघर के डाकपाल रामखिलाड़ी के तीन खातों से सवा लाख रुपये के गबन का खुलासा होने लगा है। शुक्रवार को दर्जनों खाता धारकों ने डाकघर पहुंचकर अपने खाते चेक किए। इसमें चार खातों में जमा की गई धनराशि डाकघर के अभिलेखों में अंकित न होने पर खाताधारकों के होश उड़ गए। इन लोगों ने बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ी थी।
विज्ञापन
गबन की जानकारी पर शुक्रवार को लुहारी खेड़ा डाकघर पहुंचे लुहारी गली के बलवीर सिंह के खाते में 3 लाख 36 हजार की बजाए 2 लाख 29 हजार रुपये ही जमा मिले। उन्होंने बेटी दीप्ति के नाम से खाता खोल उसकी शादी के लिए रुपये जोड़ रहे थे। 1 लाख 7 हजार रुपये कम होने पर उनके होश उड़ गए। लुहारी खेड़ा के रामनाथ ने अपने खाते में 1 लाख 6 हजार रुपये जमा किए थे जबकि खाता में मात्र 705 रुपये लले। राजन लाल के 1.17 लाख रुपये में से मात्र 212 रुपये ही खाते में मिले हैं।
मुरारी लाल के भी 20 हजार 257 रुपये खाते से गायब हैं। सभी अपनी बेटियों की शादी क लिए मेहनत की गाढ़ी कमाई को डाकघर में जमा कर रहे थे, ताकि वक्त पर उन्हें दिक्कत न हो। कहते हैं डाकपाल ने गबन कर उनके और उनकी बेटी के सपनों को तार-तार कर दिया है। गबन का खुलासा होने पर चारों पीड़ित ने थाना राजा का रामपुर पहुंचकर डाकपाल राम खिलाड़ी के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष किशोरीलाल मीणा ने बताया डाकघर में गबन के चार शिकायती पत्र मिले हैं। इस मामले में बुधवार को डाकपाल सचिन वर्मा ने आरोपी डाकपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जांच में ये चारों शिकायतें भी शामिल कर ली जाएंगी।