वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिकायत के लिए पहुंचे बलिदानी के परिजन। संवाद
एटा। गांव बागवाला में बलिदान सैनिक की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने दबंगों पर जमीन हड़पने, जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता कंवर सिंह निवासी थाना व गांव बागवाला ने बताया कि उनके पिता स्व. जगत सिंह सेना में देश सेवा के दौरान गोली लगने से बलिदान हो गए थे। उनके नाम दर्ज कृषि भूमि पर गांव के ही कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि यह लोग आए दिन गाली-गलौज करते हैं। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर परिवार को डराने का प्रयास करते हैं।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी आए दिन विवाद करते हैं। मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री पोर्टल पर झूठी शिकायतें कर परेशान किया जा रहा है। यह भी आरोप लगाया कि रात के समय असलहों के साथ घर में घुसकर जमीन छोड़ने की धमकी दी। इसकी वजह से परिवार दहशत में है।
पीड़ित परिवार ने एसएसपी से निलकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर झूठी शिकायतें करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ताकि बलिदानी के परिवार को न्याय मिल सके। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने पूर्ण कार्रवाई का आश्वासन दिया है।