एटा। धान की आवक तेज होते ही सोमवार को अलीगंज रोड जाम हो गया। सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार लग गईं। करीब तीन घंटे तक वाहन फंसे रहे। यातायात पुलिस के जाम खुलवाने में पसीने छूट गए।
गल्ला मंडी में इस बार पिछले वर्ष से अधिक धान की आवक हो रही है। अलीगंज रोड के धर्मकांटाें पर तुलाई के कारण सोमवार को दिनभर जाम के हालात रहे। इससे अलीगंज, मैनपुरी की ओर से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गल्ला मंडी स्थित आढ़तों पर धान, मक्का सहित अन्य फसलों को किसान ट्रैक्टर, ट्रक, मैटाडोर आदि वाहनों से लेकर सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए। उससे मंडी समिति के बाहर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। एटा-अलीगंज मार्ग सहित जीटी रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सुबह से दोपहर बाद तक दोनों मार्ग पर वाहनों का जमावड़ा रहने से राहगीर, वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में यातायात पुलिस को खासी कवायद करनी पड़ी। जाम की वजह से लोगों को मंडी समिति के आसपास से गुजरने वाले मार्गों, गली-मोहल्लों से होकर गंतव्य की ओर जाते हुए देखा गया। जिससे इन मार्गों पर भी भीड़ का आलम रहा। मंडी समिति के अंदर भी बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से दिनभर जाम की स्थिति रही। फसल लेकर आने और जाने वाले किसानों को गेट से बाहर निकलकर गंतव्य की ओर रवाना होने में दो से ढाई घंटे का समय लगा।
-
धान बेचने आए हैं, करीब दो घंटे से जाम में फंसे है। बहुत लंबा जाम लगा हुआ है। अलीगंज चुंगी से लेकर मंडी तक भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। -राहुल कुमार, दलेलपुर
बाहर कांटा कराने की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। राहगीरों को निकलने में परेशानी उठानी पड़ती है। करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हैं। -सचिन कुमार, कुनावली
मंडी में धान की आवक बढ़ने से जाम के हालत बन गए थे। मंडी के बाहर कांटा होने से वाहनों को दो-दो बार मंडी के बाहर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसलिए जाम की हालत रही। -अनिल वर्मा, यातायात प्रभारी