एटा। जिले के दो होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों का जोनल स्तर पर ट्रायल के लिए चयन हुआ है। यहां से चयनित होने के बाद ये दोनों खिलाड़ी जोनल टीम में खेलते दिखाई देंगे। इनमें से एक सीधे हाथ से ऑफ स्पिन बॉलिंग कराता है। वहीं दूसरा खिलाड़ी सीधे हाथ से बल्लेबाजी करता है।
जिले के श्रंगार नगर निवासी डॉ. मनोज यादव के पुत्र अध्ययन यादव जो कि सीधे हाथ से ऑफ स्पिन बॉलिंग करते हैं। कानपुर में हुए एक अंडर-14 मैच के दौरान अध्ययन यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके थे। जिसकी बदौलत टीम ने विजय हासिल की थी। वहीं नगला मई निवासी सर्वेश सिंह के पुत्र आकाश यादव सीधे हाथ से शानदार बल्लेबाजी तो करते ही हैं। इसके अलावा स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
इसी के दम पर आकाश का भी जोनल की अंडर-14 टीम में ट्रायल के लिए चयन हुआ है। इन दोनों ही खिलाड़ियों का जोनल चयन के लिए ट्रायल ग्रेटर नोएडा में होगा। अध्ययन यादव शहर में संचालित सांई क्रिकेट एकेडमी में कोच अखिल दीक्षित से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं आकाश यादव बालाजी क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण पा रहे हैं।