एटा। कोतवाली नगर कचहरी रोड स्थित बड़े डाकखाना में रकम जमा करने गए एक एजेंट की बाइक से रुपयों से भरा थैला गायब हो गया। जबकि थाना बागवाला क्षेत्र में एक दंपती की जंजीर तोड़कर बाइक सवार भाग गए। शहर के मोहल्ला संतोष नगर निवासी ओमप्रकाश सिंह डाकघर में एजेंट हैं। शुक्रवार को डाकघर में 60 हजार रुपये जमा करने गए थे। थैला बाइक पर टंगा था। नजर चूकते ही किसी शातिर ने थैला उड़ा दिया। जब एजेंट ने थैला गायब देखा तो होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि बाइक से थैला गायब हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह राघव ने बताया कि वारदात की कोई सूचना और तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर आती है तो मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। वहीं थाना बागवाला क्षेत्र के गांव बेंदुला निवासी कुलदीप सिंह अपनी पत्नी उमा देवी के साथ जैथरा से शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे बाइक से लौट रहा था। तभी पीछे से आ रहे दो बाइक सवार महिला की जंजीर तोड़कर गांव के पास से ही भाग गए। जंजीर करीब 15 ग्राम की बताई जा रही है।
थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि दंपती से जंजीर तोड़कर भाग गए हैं। महिला ने पूछताछ में बताया कि बाइक सवार बदमाश जैथरा से ही पीछे लगे थे, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया था। गांव बेंदुला के पास पहुंचने से पहले ही जंजीर तोड़कर भाग गए हैं। मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।